खैरागढ़। ग्राम मदराकुही के गौठान में गायों की लगातार हो रही मौतों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले पांच दिनों के भीतर करीब 11 गायों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि प्रतिदिन 2 से 3 गायों के मरने की जानकारी सामने आ रही है। गौठान की बिगड़ती स्थिति को लेकर अब जिम्मेदारों पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने गौठान की हालत और गायों की मौत की जानकारी ग्राम सरपंच सहित अन्य ग्राम प्रमुखों को कई बार दी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं सरपंच प्रतिनिधि का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से गायों के लिए चारा और पानी की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं आना चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पशु चिकित्सकों की टीम भेजकर गायों की मौत के कारणों की जांच कराई जाए तथा गौठान की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए ताकि आगे और नुकसान रोका जा सके।
Loading...


