खैरागढ़। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच पैलीमेटा सेवा सहकारी समिति में खाद और बीज लेने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि समिति प्रबंधक पंकज देवांगन के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने से उन्हें घंटों कतार में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ता है।किसानों के अनुसार खाद और बीज वितरण के लिए वे सुबह से ही समिति पहुंच जाते हैं, लेकिन वितरण कार्य समय पर शुरू नहीं हो पाता। किसानों का कहना है कि कई बार समिति प्रबंधक दोपहर 12 बजे से लेकर 1 बजे के बीच पहुंचते हैं, जिसके कारण पूरा कामकाज प्रभावित होता है और किसानों का बहुमूल्य समय बर्बाद होता है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच किसान भूखे-प्यासे घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। किसानों का आरोप है कि कई बार इस समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों ने प्रशासन एवं सहकारिता विभाग से मांग की है कि समिति में नियमित और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को खाद-बीज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उनका कहना है कि खेती-किसानी का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और ऐसी लापरवाही से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं इस संबंध में समिति प्रबंधक पंकज देवांगन का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कॉल रिसीव नहीं किया गया और न ही कोई प्रतिक्रिया प्राप्त हो सकी। अब किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
Loading...


