खैरागढ़। विधानसभा खैरागढ़ के अंतर्गत जनपद पंचायत छुईखदान की ग्राम पंचायत शाखा में 24 जून 2026 को प्रधानमंत्री आवास प्लस 2024 के संबंध में शासन के निर्देशानुसार ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए प्राप्त सभी आवेदनों पर चर्चा कर पात्र हितग्राहियों के नामों का अनुमोदन कर शासन को भेजा गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत शाखा के सरपंच कपिनाथ महोबिया ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किसी भी पात्र परिवार को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और सभी जरूरतमंदों को योजना का लाभ दिलाने के लिए पंचायत पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।सरपंच महोबिया ने कहा हर व्यक्ति का अपने पक्के घर का सपना पूरा होना चाहिए। रोटी, कपड़ा और मकान हर नागरिक का मूल अधिकार है। आज भी कई परिवार वर्षों से कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। यदि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलता है, तो इससे बड़ी खुशी की बात और कोई नहीं हो सकती। हमारा प्रयास रहेगा कि गांव का हर पात्र परिवार अपने पक्के मकान का सपना साकार कर सके। उन्होंने आगे कहा आप सभी ने मुझे सेवा करने का अवसर दिया है। मैं गांव के हर सुख-दुख में आपके साथ खड़ा रहूंगा। बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद की मदद करना और शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना मेरा पहला कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि पंचायत के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में गांव के विकास, पात्र हितग्राहियों के हितों की रक्षा तथा शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का संकल्प लिया गया।

