खैरागढ़। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के लिए स्वर्णिम और ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं तथा डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन से 16 करोड़ घरों तक नल जल और आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दुनिया को नए भारत की ताकत का संदेश मिला है। उन्होंने नक्सलवाद में कमी और सीमाओं की सुरक्षा को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
चिमनानी ने कहा कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों को भी सम्मान मिला है। कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, पंचतीर्थ और जनजातीय गौरव दिवस जैसी पहलें इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को पिछले 12 वर्षों में 5.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई है। रेलवे विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये का बजट, पांच नए मेडिकल कॉलेज, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और जनजातीय कल्याण योजनाएं राज्य के विकास को नई गति देंगी। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, महामंत्री शशांक ताम्रकार, उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, जिला सोशल मीडिया संयोजक विनय चोपड़ा एवं मीडिया प्रभारी यतीश साहू उपस्थित थे।

