
खैरागढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को जिला अस्पताल खैरागढ़ में सेवा और जनकल्याण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए तथा उनका हालचाल जाना। कार्यकर्ताओं ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। अस्पताल परिसर में सेवा और संवेदनशीलता का वातावरण देखने को मिला।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनहित की राजनीति के सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया है। उनके जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाना ही उनके विचारों और संघर्षशील व्यक्तित्व को सच्चा सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में विप्लव साहू, कपिनाथ महोबिया, दीपक देवांगन, पुरुषोत्तम वर्मा, अरशद हुसैन, रविंद्र सिंह गहरवार, पूरन सारथी, किशन रजक, सूर्यकांत यादव, मोहित भांडेकर, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, महेश यादव, कन्हैया रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

