खैरागढ़। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उत्तम सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादे अधूरे ही रह गए हैं। उत्तम सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने महंगाई कम करने, हर साल करोड़ों युवाओं को रोजगार देने किसानों की आय दोगुनी करने और भ्रष्टाचार समाप्त करने जैसे बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज देश की जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केवल प्रचार-प्रसार पर जोर दे रही है जबकि जमीनी स्तर पर जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विपक्ष की आवाज को लेकर भी देशभर में सवाल उठ रहे हैं। उत्तम सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी, किसान और गरीब वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब वादों और दावों के बजाय वास्तविक विकास और जवाबदेही चाहती है।
Loading...

