खैरागढ़। कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित जिला आबकारी कार्यालय में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन का वीडियो वायरल होने के मामले में आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई कर दी है। खैरागढ़ एक्सप्रेस द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आया और प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद आबकारी विभाग के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।

गौरतलब है कि खैरागढ़ एक्सप्रेस ने सबसे पहले कलेक्टर कार्यालय परिसर में कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से शराब सेवन किए जाने का मामला उजागर किया था। खबर सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद आबकारी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 सुजीत पूरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। वायरल वीडियो में दोनों कर्मचारी ड्यूटी समय में शराब पीते दिखाई दे रहे थे। मामला इसलिए भी गंभीर माना गया क्योंकि घटना कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित सरकारी कार्यालय की थी, जहां प्रतिदिन वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहते हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व बीईओ कार्यालय से भी शराब सेवन का वीडियो सामने आने पर प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। अब आबकारी विभाग के मामले में भी कार्रवाई होने से यह संदेश गया है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खैरागढ़ एक्सप्रेस की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई को जिम्मेदार पत्रकारिता और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में त्वरित कार्रवाई से यह भी स्पष्ट हुआ है कि सार्वजनिक हित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर प्रशासन को संज्ञान लेना पड़ता है।

