बेइज्जती और शक के चलते युवक ने की वारदात, चोरी का झूठा ड्रामा रचकर पुलिस को किया गुमराह
खैरागढ़। जिले में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को जिला पुलिस केसीजी टीम ने सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग की हत्या के बाद आरोपी ने चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस की सघन जांच में पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 27 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे थाना ठेलकाडीह को सूचना मिली कि ग्राम गहिरा-गोपालपुर में लेडगूराम वर्मा ग्राम पटेल की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड टीम एवं एफएसएल की सीन ऑफ क्राइम यूनिट को बुलाकर बारीकी से जांच की गई। आसपास के ग्रामीणों एवं परिजनों से पूछताछ के दौरान संदेह के आधार पर बिरेन्द्र कुमार वर्मा पिता रामकुमार वर्मा, निवासी ग्राम गहिरा-गोपालपुर को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसके घर टीवी देखने आता था और घर-खेती के काम को लेकर उसे बेइज्जत करता था। साथ ही उसके परिवार की महिला पर बुरी नजर रखने का संदेह भी था जिससे वह आक्रोशित था। आरोपी ने योजना बनाकर 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे कुल्हाड़ी, टंगिया लेकर सो रहे लेडगूराम के घर पहुंचा और सिर पर तीन वार कर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को चोरी का रूप देने के लिए उसने मकान की खिड़की तोड़ी और आलमारी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, खून से सने कपड़े एवं अन्य साक्ष्य बरामद कर जब्त कर लिए हैं। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर 3 मार्च को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


