खैरागढ़। जिले में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार देर रात खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड क्रमांक 19 में एक शादी समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:05 बजे बिना अनुमति अत्यधिक ध्वनि में डीजे/धुमाल बजाए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की जिसमें पाया गया कि वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा निवासी 23 वर्षीय आदित्य सारथी द्वारा बिना वैध अनुमति के तेज ध्वनि में डीजे संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम की धारा 4 एवं 15 के तहत इस्तगासा क्रमांक 02/2026 दर्ज किया और डीजे/धुमाल साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां उसे अर्थदंड से दंडित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Loading...


