खैरागढ़। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और भारी उमस से लोग बेहाल रहे। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन गर्मी और चिपचिपाहट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ

शुरू हुई बारिश ने शहरवासियों को बड़ी राहत पहुंचाई। बारिश शुरू होते ही सड़कों पर जमा धूल बैठ गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। लंबे समय से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। कई क्षेत्रों में बच्चों ने भी बारिश में भीगकर मौसम का स्वागत किया। किसानों के लिए भी यह बारिश राहतभरी मानी जा रही है। खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसानों का कहना है कि समय पर हो रही बारिश खेती-किसानी के लिए लाभदायक साबित होगी। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और शाम का वातावरण काफी सुहावना हो गया। मौसम पूर्वानुमानों में भी क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद हुई यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। यदि इसी तरह मौसम मेहरबान रहा तो आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिल सकती है।

