खैरागढ़. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज जिला मुख्यालय खैरागढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया गया। दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक भाजपा नेता द्वारा कथित रूप से साढ़े नौ एकड़ में की जा रही अफीम की खेती और देश में एलपीजी गैस सिलेंडरों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि को लेकर कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और झूमाझटकी भी देखने को मिली।
अंबेडकर चौक पर सरकार विरोधी नारेबाजी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में किसान कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों कार्यकर्ता स्थानीय अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों का सीधा आरोप है कि छत्तीसगढ़ अब नशे के कारोबार का गढ़ बनता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेसी पुतला दहन करने के लिए आगे बढ़े, तो तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे माहौल गरमा गया और काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
पत्रकार वार्ता में सरकार को घेरा

पुतला दहन के पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कोमल साहू ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी 'अच्छे दिन' और महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता में आए थे, लेकिन पिछले 10 वर्षों में जनता को सिर्फ महंगाई की मार मिली है। घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है।"
अफीम की खेती पर गंभीर आरोप
दुर्ग के समोदा में मिले अफीम के खेत का जिक्र करते हुए साहू ने इसे 'सत्ता संरक्षित अपराध' करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना राजनीतिक संरक्षण के कोई व्यक्ति इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती कैसे कर सकता है? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं और अफीम कांड के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में आंदोलन और भी उग्र होगा।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन और पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जनपद सदस्य हेमकल्याणी तोड़े, ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार पटेल, संदीप सिरमौर, मन्नू चंदेल, शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विजय वर्मा, आकाश दीप सिंह, भिखम छाजेड़, देवराज किशोर दास, जितेंद्र सिंह गौर, राजा सोलंकी, रिंकू गुप्ता, विप्लव साहू, यतेंद्र जीत सिंह, हिमाचल राजपूत, नदीम मेमन और रानू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


