होली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, चलाया विशेष जांच अभियान
खैरागढ़। होली पर्व के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशानुसार की गई।
मिठाई दुकानों सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
उपसंचालक आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे की उपस्थिति में संयुक्त दल ने खैरागढ़ एवं गंडई क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे द्वारा मानव मंदिर स्वीट, जलाराम स्वीट, जनता स्वीट, बीकानेर राजेश्वरी स्वीट, श्री बीकानेर स्वीट तथा गंडई के राजपुरोहित बीकानेर स्वीट से कचौड़ी, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, खोवा, पेड़ा, फाफड़ा, लूज गुजिया, रसमलाई, केला चिप्स, मिक्सचर, अंजीर कतली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 02 विधिक एवं 18 सर्विलांस नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजे गए।
चलित प्रयोगशाला से मौके पर जांच
चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से 65 सर्विलांस नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिसमें 60 नमूने मानक अनुरूप पाए गए, जबकि 05 नमूने अवमानक पाए गए।
अवमानक सामग्री मौके पर नष्ट
जांच के दौरान खाद्य रंग युक्त अवमानक नमूनों को तत्काल मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर कोई खतरा न रहे।
व्यापारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 के तहत स्वच्छता, साफ-सफाई तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन की जांच भी की गई, जो वैध पाई गई।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर सहित विभागीय अमला मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


