खैरागढ़। थाना खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम गाडाडीह में अवैध संबंध के शक को लेकर एक ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल 45 वर्ष निवासी किल्लापारा वार्ड नं. 11 खैरागढ़ बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की परदेशनीन बाई (40 वर्ष) मजदूरी का काम करती थी। बताया जा रहा है कि तुलाराम पटेल कभी-कभी उसे शाम के समय मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाता था। 8 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल उसे छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने अवैध संबंध का शक जताते हुए उसे रोक लिया और “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो” कहकर हाथ-मुक्का और लात से मारपीट कर दी। मारपीट से उसके चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आईं।घायल हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना, समय यादव, आशीष यादव उर्फ बोदू, रूपलाल वर्मा, पल्टन वर्मा और पवन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।


