खैरागढ़। उमस भरी गर्मी से राहत लेकर आई बारिश बुधवार की शाम कई लोगों के लिए मुसीबत बन गई।

तेज़ आंधी, तूफान और बारिश के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, जबकि बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

ढीमरीन कुंआ क्षेत्र में तेज़ हवाओं के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए। वहीं कुछ घरों में विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक आए तेज़ तूफान और बिजली के उतार-चढ़ाव के चलते कई घरों के टीवी, फ्रिज और पंखे खराब हो गए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।इधर खैरागढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 18 अंबेडकर वार्ड स्थित महादेव घाट के पास लोगों ने आकाशीय बिजली गिरने जैसी तेज़ आवाज़ सुनने की बात कही। क्षेत्रवासियों का दावा है कि इसके बाद आसपास के कई घरों के टीवी, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए। हालांकि प्रशासन या विद्युत विभाग की ओर से बिजली गिरने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। तेज़ आंधी और बारिश के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। मौसम में आई अचानक तब्दीली ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई परिवारों के लिए नुकसान और परेशानी का कारण भी बन गई।

