गंडई। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंडई पुलिस ने जुआ खेलते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1520 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरीपारा गंडई स्थित नदी किनारे आम बगीचे में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना गंडई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों में टिकरीपारा निवासी विष्णु यादव उम्र 44 वर्ष एवं तखत यादव उम्र 34 वर्ष शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान विष्णु यादव के पास से 400 रुपये तथा फड़ से 500 रुपये, कुल 900 रुपये बरामद किए गए। वहीं तखत यादव के पास से 220 रुपये एवं फड़ से 400 रुपये, कुल 620 रुपये जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं फड़ से कुल 1520 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।

