गातापार जंगल में दबिश, 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी
खैरागढ़/गातापार। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गातापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गातापार जंगल निवासी एक महिला अपने घर के सामने अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना के आधार पर थाना गातापार पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान योगिता देवांगन उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम गातापार जंगल को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से झिल्ली पैकेटों में भरी कुल 5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला से शराब रखने और बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

