खैरागढ़। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गण्डई पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक छोटा हाथी वाहन (CG 08 AU 4010) में अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मानपुर नाका के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की सामने सीट के नीचे रखे लाल रंग के थैले से 28 पौवा देशी प्लेन शराब कुल 5.04 बल्क लीटर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2520 बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार सिन्हा 45 वर्ष निवासी ग्राम नर्मदा चकनार को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया गया है। वाहन की कीमत लगभग ₹1,00,000 आंकी गई है। कुल जप्त सामग्री की कीमत ₹1,02,520 बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Loading...


