छुईखदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रेम जाल में फंसाकर किया था अपहरण, आरोपी भेजा गया जेल
छुईखदान। नाबालिग बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। थाना छुईखदान पुलिस ने एक नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध बलात्कार और पाक्सो एक्ट की संगीन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित पक्ष ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को ग्राम झुरानंदी निवासी युवराज यादव उम्र 23 वर्ष बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हैदराबाद में पुलिस की दबिश मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी पीड़िता को लेकर हैदराबाद भाग गया है और वहां उसे छिपा कर रखा है। पुलिस टीम ने तत्काल हैदराबाद में दबिश दी और पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी युवराज यादव ने उसे नाबालिग जानते हुए भी अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का लालच देकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ लगातार अनाचार किया। इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 64 (2)(ड), 96 बीएनएस और धारा 6 पाक्सो एक्ट जोड़ी। आरोपी युवराज यादव पिता अमिलाल यादव को 7 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


