खैरागढ़। सर्व सेन समाज जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में मंगलवार 12 मई 2026 को छुईखदान में जिला स्तरीय संत शिरोमणी सेन जी महाराज जयंती समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ।

सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जयकारों, भक्ति गीतों और पारंपरिक वेशभूषा से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

इसके पश्चात पूजा-अर्चना एवं मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, बिजली ऑफिस के पास छुईखदान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक खैरागढ़ यशोदा निलाम्बर वर्मा एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष तथा राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मोना सेन शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व सेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष पुनीत राम सेन एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष गिरिराज किशोर वैष्णव, उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकुमार पटेल तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष भावेश कोचर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि मोना सेन ने कहा कि संत शिरोमणी सेन जी महाराज ने समाज को सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश दिया है। आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों को अपनाकर शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करे। सेन समाज लगातार हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और आने वाले समय में समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सेन समाज के बिना हर समाज अधूरा है। जन्म से लेकर विवाह और धार्मिक आयोजनों तक हर शुभ कार्य में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सत्यनारायण भगवान की पूजा हो, शादी-विवाह का कार्यक्रम हो या अन्य सामाजिक परंपराएं, सेन समाज की सहभागिता हर जगह देखने को मिलती है। सेन समाज सेवा, संस्कार और समर्पण का प्रतीक है। समाज की एकता और जागरूकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने सेन समाज भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये की घोषणा भी की, जिस पर समाजजनों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। प्रांताध्यक्ष पुनीत राम सेन ने कहा कि संत शिरोमणी सेन जी महाराज के आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। समाज को संगठित रहकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना होगा। जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तब विकास के नए रास्ते खुलते हैं।” उन्होंने समाजजनों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए नई पीढ़ी को संस्कार एवं शिक्षा से जोड़ने की अपील की। सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार ने कहा कि सेन समाज हमेशा सामाजिक समरसता और सेवा भावना के लिए जाना जाता है। समाज के लिए जो भी सहयोग बनेगा मैं हमेशा करता रहूंगा। सांसद जी से चर्चा कर सेन समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिराज किशोर वैष्णव ने सेन समाज को सेन भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उनके इस घोषणा का समाजजनों ने स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में सर्व सेन समाज के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सेन ने सभी अतिथियों, समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


