
खैरागढ़। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को खैरागढ़ के गोलबाजार स्थित बाफना भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की मजबूती प्रशिक्षित एवं जागरूक कार्यकर्ताओं से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज में मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत-राज्यगीत के सामूहिक गायन के साथ हुई। इस अवसर पर दुर्ग संभाग भाजपा प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रशिक्षण प्रभारी अजय राव, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह, घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा की पहचान उसकी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से होती है। उन्होंने कहा कि जब भी देश या समाज से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण विषय सामने आता है तो जनता भाजपा कार्यकर्ताओं से जानकारी और मार्गदर्शन की अपेक्षा करती है। ऐसे में हर कार्यकर्ता को संगठन की नीति, सिद्धांत और सरकार की योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए धारा 370 हटाने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने को ऐतिहासिक कार्य बताया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की। अरुण साव ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस प्रदान किया तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिला भाजपा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसकी सराहना भी की।
प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जगन्नाथ पाणिग्रही ने भाजपा के इतिहास, विचारधारा और संगठन के विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, शशांक ताम्रकार, आयश सिंह, अनिल अग्रवाल, वीरेंद्र जैन, श्यामपाल ताम्रकार, टी.के. चंदेल, आनंद सिन्हा, चंदन गोस्वामी, गिरजा चंद्राकर, उमा चौबे, नीलिमा गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


