खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम भरतपुर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को थाना गातापार पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भरतपुर में एक व्यक्ति हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहित कुमार धुर्वे (45 वर्ष), पिता भैयाराम धुर्वे, निवासी ग्राम भरतपुर थाना गातापार को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से सफेद कपड़े के थैले और प्लास्टिक के थैले में रखे तीन जरीकेन में भरी 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को 14 मार्च 2026 की रात 8:30 बजे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में केसीजी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Loading...


