खैरागढ़। संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर छुईखदान में बौद्ध समाज द्वारा भव्य आयोजन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में समाज की बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।

समाज के वरिष्ठ संरक्षक मधुकर चोखान्दे और अध्यक्ष उत्तम बागड़े ने बताया कि 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली सोनेसरार, इतवारी बाजार, बक्शी मार्ग, टेंपो स्टैंड और अंबेडकर चौक से होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी। रैली का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। शाम को श्रद्धा और उत्साह के साथ पैदल रैली का आयोजन किया जाएगा जो बुद्ध विहार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेगी। यहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा बुद्ध वंदना और पंचशील पाठ का आयोजन होगा। इसके पश्चात सभी अनुयायी सिविल लाइन स्थित बौद्ध समाज को आवंटित भूमि स्थल पर एकत्रित होंगे जहां शाम 7 बजे से मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के उद्बोधन के साथ बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। समाज के पदाधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करें और सामाजिक समरसता एवं जागरूकता के इस संदेश को आगे बढ़ाएं।


