खैरागढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर खैरागढ़ शहर पूरी तरह शिवमय हो गया। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर शाम तक जारी रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। खैरागढ़ के प्रसिद्ध रुखड़ स्वामी बाबा मंदिर सहित बस

स्टैंड स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

रुखड़ स्वामी बाबा मंदिर परिसर में भगवान शिव की भव्य बारात भी निकाली गई जिसमें आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ निकली इस बारात ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसी तरह इतवारी बाजार स्थित शिव मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा शहर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे शहर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा।


