खैरागढ़। शिवसेना के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कौशलेंद्र सिंह का आज अचानक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे आज शाम लगभग 4:30 बजे अपने घर पर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें माइनर अटैक आया, जिसके चलते उनका देहांत हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर उपवास भी रखा हुआ था। कौशलेंद्र सिंह शिवसेना के सक्रिय और जुझारू नेताओं में गिने जाते थे। वे लंबे समय से हिंदुत्व और किसानों के मुद्दों को लेकर मुखर रहे और क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। उनकी पहचान ऐसे नेता के रूप में थी, जिन्होंने संगठन में कई कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया और उन्हें भाजपा व कांग्रेस जैसे बड़े दलों में भी स्थापित होने का अवसर दिलाया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता, शिवसेना के पदाधिकारी, तथा भाजपा और कांग्रेस के कई नेता अस्पताल पहुंचे और गहरा दुख व्यक्त किया। कौशलेंद्र सिंह के निधन से खैरागढ़ की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में एक बड़ी क्षति मानी जा रही है। उनके सरल स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व को हमेशा याद किया जाएगा।
Loading...


