खैरागढ़। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की तैयारी तो हर बार की जाती है लेकिन कार्रवाई शुरू होते ही कई सवाल खड़े होने लगते हैं। शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन सच में खैरागढ़ को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना चाहता है तो इस बार सिर्फ गरीब और छोटे दुकानदारों पर नहीं बल्कि हर अवैध कब्जे पर समान कार्रवाई होनी चाहिए। बक्शी मार्ग, जय स्तंभ चौक, दाऊचौरा टर्निंग और टैंपो चौक जैसे इलाकों में सड़क क तक फैले अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। खासकर दाऊचौरा टर्निंग से लांजी की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाम होते ही मुख्य चौक और बाजार पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आते हैं। लोगों के बीच अब सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या शहर को सुंदर बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नेताओं का समर्थन प्रशासन को मिलेगा या फिर हर बार की तरह अतिक्रमण करने वालों को राजनीतिक संरक्षण देकर कार्रवाई कमजोर कर दी जाएगी। शहरवासियों का मानना है कि जब तक नेताओं और जिम्मेदार अधिकारियों की इच्छाशक्ति मजबूत नहीं होगी तब तक अभियान केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा। जनता चाहती है कि इस बार कार्रवाई बिना दबाव और बिना भेदभाव के हो। चाहे छोटा कब्जा हो या बड़ा सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर समान नियम लागू हों तभी खैरागढ़ को जाम, अव्यवस्था और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सकेगी।
Loading...


