खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल को वार्ड आरक्षण के लिए विहित अधिकारी नियुक्त किए जाने के बाद अब अगस्त में 20 वार्डों के नए सिरे से आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इसके बाद चुनावी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। नगर पालिका अध्यक्ष पद का आरक्षण पहले ही हो चुका है। खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। अब सभी की निगाहें वार्ड आरक्षण पर टिकी हैं, क्योंकि इसी के आधार पर संभावित पार्षद प्रत्याशियों की चुनावी रणनीति तय होगी।खैरागढ़ जिला बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब नगर पालिका के वार्डों का आरक्षण जिला मुख्यालय में ही किया जाएगा। इससे पहले यह प्रक्रिया राजनांदगांव में होती थी। वर्तमान में नगर पालिका में 20 वार्ड हैं। इनमें 2 वार्ड अनुसूचित जाति, 1 अनुसूचित जनजाति, 7 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 10 अनारक्षित श्रेणी के हैं। इस बार चक्रानुक्रम (रोटेशन) के आधार पर सभी वार्डों का नए सिरे से आरक्षण होगा। महिला आरक्षण का स्वरूप भी बदलने की संभावना है, जिससे कई वार्डों की स्थिति बदल सकती है।अगस्त में आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावित उम्मीदवारों की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। वहीं, दिसंबर में नगर पालिका चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते राजनीतिक दलों और दावेदारों ने अभी से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
Loading...

