खैरागढ़। शहर में सामाजिक व शैक्षणिक मुद्दों को लेकर एससी, एसटी एवं ओबीसी संयुक्त मोर्चा ने 17 मार्च 2026 को रैली व धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। हाल ही में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर यूजीसी समर्थन सहित लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण जनआंदोलन करने का निर्णय लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व सामाजिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लंबे समय से ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं मिलने से समाज में असंतोष बढ़ रहा है। ऐसे में अब लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 मार्च को रावण भाठा इतवारी बाजार में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद रैली बक्सी मार्ग, गोलबाजार, राजीव चौक, नया बस स्टैंड चौक और अंबेडकर चौक होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेगी, जहां राज्यपाल, राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने इसे समान अवसर और अधिकारों की लड़ाई बताते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया है। युवाओं व विद्यार्थियों से विशेष रूप से शामिल होने की अपील की गई है। संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहेगा तथा संवाद के माध्यम से न्यायपूर्ण समाधान प्राप्त करना ही इसका उद्देश्य है।


