खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में बैंक ऋण चुकाने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा तथा घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को ग्राम मुंदगांव निवासी कुन्ती बाई बघेल ने थाना ठेलकाडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके दामाद तारण चतुर्वेदी ने 16 जुलाई को अपनी पत्नी सूरूज बाई चतुर्वेदी के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल, दुर्ग में भर्ती कराया गया था। विवेचना के दौरान चौकी स्मृति नगर थाना सुपेला से सूचना मिली कि उपचार के दौरान सूरूज बाई की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच तेज कर दी। पुलिस टीम ने स्मृति नगर चौकी पुलिस के सहयोग से भिलाई में आरोपी की तलाश की। आरोपी सूर्या मॉल के समीप एक होटल में खाना खाते हुए मिला जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी बैंक से लिए गए ऋण की किश्त चुकाने को लेकर लगातार विवाद और दबाव बनाती थी। इसी से परेशान होकर उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा, बनियान और बरमूडा बरामद कर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी तारण चतुर्वेदी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम फत्तेपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 103(1) के तहत कार्रवाई की है।
Loading...





