खैरागढ़। केसीजी जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालबाँधा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 489 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹85 हजार का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर जालबाँधा चौकी पुलिस ने रवि सिंहा ठेला के पास घेराबंदी कर पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BA 4227 को रोका। तलाशी लेने पर बाइक की डिग्गी में हरे रंग की पॉलीथिन में रखा 489 ग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत ₹70 हजार) तथा दो मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹10 हजार) भी जब्त किए। जब्त मशरूका का कुल मूल्य लगभग ₹85 हजार आंका गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंहा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम मंडराकुही तथा रितेश सिंह उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम सलोनी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस चौकी जालबाँधा में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जिला पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
Loading...

