खैरागढ़। जिले में खुलेआम शराबखोरी का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा शिकायतें धरमपुरा रोड स्थित होटलों और ढाबों को लेकर सामने आ रही हैं। जहां सुबह से देर रात तक खुलेआम शराब पिलाई जा रही है। ढाबों और होटलों में नियमों को ताक पर रखकर शराब परोसने का खेल चल रहा है, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि धरमपुरा रोड के कई ढाबों में बाकायदा बैठने की व्यवस्था कर शराब परोसी जा रही है। शाम होते ही यहां शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। राहगीरों और परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सिर्फ औपचारिकता निभाते हैं। कार्रवाई नहीं होने से ढाबा संचालकों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग की ढीली कार्यशैली के कारण अवैध शराबखोरी का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। अब सवाल यह है कि आखिर धरमपुरा रोड में खुलेआम चल रहे इस शराब कारोबार पर प्रशासन कब सख्ती दिखाएगा, या फिर जिम्मेदार विभाग यूं ही आंखें मूंदे बैठे रहेगा।


