खैरागढ़। आदित्य लॉज के मैनेजर से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले दो युवकों को खैरागढ़ पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने चाकू का भय दिखाकर पैसों की मांग की थी। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 जून की शाम करीब 3:45 बजे आदित्य लॉज के मैनेजर नितेश यादव उर्फ राजा यादव अपने काउंटर पर बैठे थे। इसी दौरान तुरकारीपारा निवासी भोला उर्फ भोजराज पटेल और नया बस स्टैंड के पीछे रहने वाला बाउ उर्फ पवन चन्द्राकर लॉज पहुंचे और उनसे पैसों की मांग करने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।बताया गया की पवन चन्द्राकर ने अपने पास रखे चाकू को लहराकर मैनेजर को डराया-धमकाया, जबकि भोजराज पटेल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पवन चन्द्राकर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Loading...

