खैरागढ़। विधानसभा खैरागढ़ अंतर्गत जनपद पंचायत छुईखदान की ग्राम पंचायत साखा में सरपंच कपिनाथ महोबिया द्वारा ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत के आश्रित ग्राम कोर्राय में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी जिसे देखते हुए सरपंच की पहल पर बोर खनन कराया गया। बोर खनन होने से ग्रामीणों को पानी की समस्या से काफी राहत मिली है और अब उन्हें पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। इसके साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्राम साखा एवं आश्रित ग्राम कोर्राय में नाली सफाई और स्वच्छता अभियान भी शुरू कराया गया है। पंचायत क्षेत्र की नालियों की सफाई कराई जा रही है ताकि बरसात के दौरान पानी का उचित निकास हो सके और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। ग्रामीणों ने सरपंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते किए जा रहे इन कार्यों से बरसात के दिनों में गंदगी, जलभराव और अन्य समस्याओं से राहत मिलेगी। पंचायत द्वारा किए जा रहे विकास एवं जनहित कार्यों से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।
Loading...

