खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा की लोकप्रिय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा का जन्मदिवस नगर में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अंबेडकर चौक में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

विधायक के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और गगनभेदी नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने उन्हें फूलों का विशाल हार पहनाया तथा गुलदस्ते भेंट कर जन्मदिन की बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने सबसे पहले संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। खैरागढ़ में कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता छुईखदान के लिए रवाना हुए, जहां विधायक के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह और होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में विधायक का लड्डुओं से तुलादान भी किया जाएगा, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, रवींद्र सिंह गहरवार, सूर्यकांत यादव, पूरन सारथी, यतेंद्र जीत सिंह, अंकित चोपड़ा, महेश यादव, किरण झा, आरती यादव, श्रद्धा अग्रवाल, वासु सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


