खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में प्रधानमंत्री राहत योजना, ई-डार/आई-राड प्रणाली एवं सड़क दुर्घटना प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज दिनांक 20 मार्च 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित राहत, पारदर्शिता एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।कार्यशाला का संचालन माननीय जिला विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान आयुष्मान भारत जिला नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, यातायात प्रभारी, आयुष्मान भारत जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री अखलेश सिंह राजपूत एवं ई-डार/आई-राड जिला प्रबंधक श्री अरुण सोनी ने उपस्थित प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।प्रशिक्षण में जिले के सभी पंजीकृत एवं अपंजीकृत शासकीय एवं निजी अस्पतालों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशेषज्ञों द्वारा ई-डार/आई-राड पोर्टल के उपयोग, सड़क दुर्घटना के मामलों में त्वरित रिपोर्टिंग, आंकड़ा प्रविष्टि एवं पीड़ितों को शीघ्र राहत पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से सड़क दुर्घटनाओं के प्रबंधन में सुधार आएगा तथा पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सकेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
Loading...


