खैरागढ़। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन अष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। अष्टमी के दिन महागौरी की पूजा का विशेष महत्व होने के कारण प्रातःकाल से ही शीतला मंदिर और दंतेश्वरी मंदिर आस्था के प्रमुख केंद्र बने रहे। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं ने माता को अठवाई, चुनरी, नारियल, फूल-माला और श्रृंगार सामग्री अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। दोपहर में शुभ मुहूर्त के अनुसार लगभग एक बजे मंदिरों में विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। हवन के पश्चात प्रसादी का वितरण भी किया गया। अष्टमी पर कन्या पूजन का भी विशेष महत्व रहा। नगर के अनेक घरों में भक्तों ने नौ कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें भोजन कराया और दक्षिणा भेंट की, जिसे मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना माना जाता है। पूरे दिन मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। प्रशासन द्वारा भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इधर, मुतेडा नवागांव स्थित चंडी मंदिर में अष्टमी के अवसर पर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहीं आज ज्योति कलशों का विसर्जन किया जाएगा, जिसे लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Loading...


