खैरागढ़। थाना खैरागढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कबाड़ सामान से भरी टाटा मेटाडोर वाहन भी जप्त की है। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध कबाड़ी कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि दाऊचौरा, खैरागढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ सामान की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद शबीर (30 वर्ष) पिता मोहम्मद फारुख, निवासी दाऊचौरा खैरागढ़ को टाटा मेटाडोर वाहन क्रमांक CG 07 C 4766 में कबाड़ सामान भरकर ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कबाड़ सामान और वाहन जप्त कर लिया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2.15 लाख है। पूछताछ में आरोपी ने बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ सामान खरीदना स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 35(3)(ई) बीएमएम तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण को विवेचना में लिया है।
Loading...


