कृषक उन्नति योजना के तहत मिली राहत
खैरागढ़। राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय करने वाले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 66 हजार 281 किसानों के बैंक खातों में कुल 273 करोड़ 8 लाख 42 हजार रुपए की अंतर राशि सीधे हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने जारी की 10 हजार करोड़ की सहायता राशि
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित ग्राम रहंगी से रिमोट के माध्यम से प्रदेशभर के 24 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपए की कृषि आदान सहायता राशि एकमुश्त जारी की। इस दौरान विभिन्न जिलों के किसानों से वर्चुअल संवाद भी किया गया।
जिले में हुआ सीधा प्रसारण
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाल दिलीप सिंह मंगल भवन खैरागढ़ तथा जनपद पंचायत छुईखदान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
3.75 लाख क्विंटल धान का उपार्जन
जिले के किसानों ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 3 लाख 75 हजार 755 क्विंटल धान का उपार्जन किया था, जिसके आधार पर यह अंतर राशि प्रदान की गई है।
किसानों के हित में बड़ा कदम
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही यह सहायता किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि के मार्गदर्शन में किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वैकल्पिक आय के लिए किया गया प्रेरित
किसानों को धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन, उतेरा फसल, पशुपालन, मुर्गीपालन एवं बकरीपालन जैसे वैकल्पिक आय स्रोत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।
अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, ललित चोपड़ा, पूर्व सभापति घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


