खैरागढ़। जिले के जालबांधा चौकी क्षेत्र में एक युवक के लापता होने के दो दिन बाद उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अवधराम निषाद (30 वर्ष), पिता बिसारद निषाद, निवासी ग्राम परसबोड़ के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन वर्षों से ट्रैक्टर-लोडर चालक के रूप में कार्यरत था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अवधराम निषाद 17 मार्च की शाम लगभग 7:30 बजे ग्राम साल्हे खुर्द से अपने घर परसबोड़ लौटने के लिए निकला था। वह लकड़ी ठेकेदार पुरुषोत्तम वर्मा के यहां वाहन चालक के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन वह एक अन्य चालक के साथ निकला था और ठेकेदार के अनुसार उसने शराब का सेवन भी किया था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने रातभर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद छुईखदान, खैरागढ़ और जालबांधा पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान ग्राम जोरातराई के पास एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक विवाहित था और उसके चार छोटी बेटियां हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस दुर्घटना, हत्या या अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Loading...


