खैरागढ़। साल्हेवारा थाना क्षेत्र में एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने मोटरसाइकिल से सुनसान स्थान पर ले जाकर छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय महिला ने 10 जून को थाना साल्हेवारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून को वह मनरेगा कार्य के सिलसिले में फोटो खिंचाने के लिए चूल्हा खोदरा जंगल तालाब जा रही थी। इसी दौरान देवपुराघाट निवासी सिरताज खान अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और उसे कार्यस्थल तक छोड़ने का भरोसा देकर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि दोपहर करीब 3:15 बजे बांधाटोला के पास एक सुनसान स्थान पर मोटरसाइकिल रोककर दोनों युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। महिला की शिकायत पर थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 3(5) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(11) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सिरताज खान (29 वर्ष) और रितेश मारकंडे (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीजी 08 डब्ल्यू 1488 भी जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Loading...

