खैरागढ़। बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने खैरागढ़ में विरोध अभियान तेज कर दिया है। शहर कांग्रेस कमेटी ने रविवार से 'स्मार्ट मीटर हटाओ, फॉर्म भरो' अभियान की शुरुआत करते हुए घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर उपभोक्ताओं से आवेदन पत्र भरवाने का अभियान शुरू किया। कांग्रेस की मांग है कि स्मार्ट मीटर हटाए जाएं, बिजली दरों में कमी की जाए तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ किया जाए। अभियान की शुरुआत इतवारी बाजार से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों और व्यापारियों से संपर्क कर स्मार्ट मीटर के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

अभियान के दौरान जिला अध्यक्ष कोमल साहू अरुण भारद्वाज, नीलाम्बर वर्मा, मनराखन देवांगन और दीपक देवांगन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाला जा रहा है। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था का लाभ बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है जबकि आम उपभोक्ता परेशान हैं।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 1 जुलाई से लागू नई बिजली दरों के कारण घरेलू, व्यावसायिक, कृषि पंप तथा गैर-सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार यूनिट दरों में वृद्धि के साथ ड्यूटी और सेस का असर भी उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। मनराखन देवांगन ने बताया कि यह अभियान खैरागढ़ शहर के सभी 20 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दर कम करने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग वाले आवेदन भरवाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अभियान में किशन रजक, रिंकू गुप्ता, पूरन सारथी, रविंद्र सिंह गहेरवार, मनोहर सेन, गिरीश सारथी, शिवानंद यादव, हरिदर्शन ढीमर, रानू नियाजी, डोमार सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

