
खैरागढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को केसीजी पुलिस ने थाना खैरागढ़, छुईखदान और गंडई क्षेत्र में व्यापक विजिबल पुलिसिंग, कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, सराफा लाइन, बस स्टैंड सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। वहीं शहर के आउटर क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर भी लगातार पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया।कॉम्बिंग गश्त के दौरान गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के घरों में दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा कानून व्यवस्था भंग करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस ने होटल, लॉज और ढाबों की भी सघन जांच की। इस दौरान आगंतुकों के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।यातायात सुरक्षा के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया। केसीजी पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विजिबल पुलिसिंग, कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

