
खैरागढ़। ईद के पावन अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ईदगाह पहुंचे, जहां उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की बधाई दी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने गले मिलकर शहर और प्रदेश में सुख-समृद्धि, अमन-चैन और आपसी भाईचारे की कामना की। कांग्रेसजनों ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है जो

समाज को जोड़ने का संदेश देता है। इस मौके पर सभी से मिलजुलकर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, पूर्व सांसद प्रतिनिधि व विधायक प्रतिनिधि कपिनाथ महोबिया, सूर्यकांत यादव, रविंद्र गहरवार, जफर उल्लाह खान, नसीर मेमन, नदीम मेमन, राजा सोलंकी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। सभी को मिलजुलकर समाज में एकता बनाए रखते हुए शहर और प्रदेश की खुशहाली के लिए काम करना चाहिए। वहीं पूर्व सांसद प्रतिनिधि व विधायक प्रतिनिधि कपिनाथ महोबिया ने कहा कि ऐसे पावन अवसर हमें एक-दूसरे के करीब लाते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से आपसी मतभेद भुलाकर शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने की अपील की।


