बिलासपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चन्द्र श्रीवास ने अपने सहयोगियों के साथ बुधवार को नगर पालिका निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश सर्वे (आईएएस) से मुलाकात कर विभिन्न जनहित समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने, अशोकनगर की निर्माणाधीन सड़क का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, सड़क निर्माण पूर्ण होने तक जर्जर मार्गों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था में सुधार तथा वार्ड क्रमांक 68 स्थित स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर की बड़ी कोनी में आंगनबाड़ी के पास पचरी एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। इस अवसर पर त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व लूटपाट जैसी घटनाओं को भी अंजाम देते हैं। ऐसे में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने से दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों की जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित दर्जनों मांगों का ज्ञापन भी निगम आयुक्त को सौंपा गया है। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने जनहित से जुड़ी इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही एवं स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री महेश नारायण मिश्रा, किसान नेता जितेंद्र शर्मा ‘जीतू’, मंगल बाजपेयी, राहुल गोरख, मुकेश अग्रवाल, कन्हैया दुबे, मोहन जायसवाल तथा रामेश्वर केसरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Loading...

