छुईखदान। जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी द्वारा आयोजित प्रथम परिचयात्मक बैठक एवं पहला बड़ा सम्मेलन 5 अप्रैल को छुईखदान के टिकरीपारा स्थित मंगल भवन में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे संगठन की एकजुटता और मजबूती स्पष्ट रूप से नजर आई। कार्यक्रम के दौरान नवगठित जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का परिचय कराया गया।

साथ ही वरिष्ठ नेताओं के हाथों कांग्रेस का गमछा पहनाकर नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिला। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने एक स्वर में संगठन सृजन अभियान को गति देने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष कोमल साहू का सख्त संदेश
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू ने अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना होगा। लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और निष्क्रिय लोगों को पद से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पंचायत, बूथ और शहरों में वार्ड कमेटियों का गठन शीघ्र पूर्ण करना प्राथमिकता है, ताकि जमीनी स्तर पर एक मजबूत और सक्रिय टीम तैयार की जा सके।
नेताओं ने जताया भरोसा, संगठन को बताया सबसे बड़ी ताकत
केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान को तेज करने का आह्वान किया और कहा कि यह नई टीम कोमल साहू के नेतृत्व में मजबूती से काम करेगी। पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने संगठन को जीत की कुंजी बताते हुए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया। विजय वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और एकजुटता से ही संगठन आगे बढ़ेगा। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गिरिराज किशोर दास ने नव नियुक्त पदाधिकारियों में जीत दिलाने की क्षमता बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए पार्टी के प्रति समर्पित रहने की बात कही। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव मयूरी सिंह ने संगठन में मिली जिम्मेदारी पर गर्व व्यक्त करते हुए क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में कोमल दास साहू, नवाज खान, गिरवर जंघेल, गजेंद्र ठाकरे, मयूरी सिंह, गिरिराज किशोर दास, विजय वर्मा, सज्जाक खान सहित जिलेभर के अनेक वरिष्ठ नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन सज्जाक खान द्वारा किया गया।
नई ऊर्जा के साथ संगठन को मिलेगी गति
कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के गठन के बाद हुए इस प्रथम सम्मेलन और परिचयात्मक बैठक ने संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया है। पदाधिकारियों के सम्मान, अनुशासन पर जोर और स्पष्ट रणनीति के साथ आने वाले समय में संगठन सृजन अभियान को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


