
केसीजी पुलिस का देर रात कॉम्बिंग अभियान, 3 स्थायी वारंट तामील, 34 बदमाशों के घर दबिश

खैरागढ़। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने सोमवार देर रात खैरागढ़ और गंडई थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान में आदतन अपराधियों, निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश दी गई, वहीं बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थलों की सघन जांच की गई।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने खैरागढ़ और गंडई के विभिन्न मोहल्लों में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा बदमाशों और फरार वारंटियों के घर पहुंचकर उनकी उपस्थिति की जांच की गई तथा वर्तमान आय-व्यवसाय की जानकारी लेते हुए भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने अभियान के दौरान 3 स्थायी वारंटों की तामील की। साथ ही 9 निगरानी बदमाशों और 25 गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर वैधानिक कार्रवाई की गई। देर रात बिना उचित कारण घूमते मिले लोगों को थाने लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात बाहर नहीं घूमने की समझाइश दी गई। केसीजी पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

