खैरागढ़। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 दाऊचौरा के रहवासियों ने पीडीएस राशन दुकान के संचालन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पार्षद विनय देवांगन के नेतृत्व में पहुंचे वार्डवासियों ने कलेक्टर एवं जिला खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान संचालक समूह श्रद्धा साईं महिला उत्थान समिति से राशन दुकान का संचालन वापस लेकर किसी अन्य सक्षम समूह को सौंपने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि राशन दुकान का संचालन दाऊचौरा क्षेत्र के बजाय संचालक के निजी निवास से किया जा रहा है, जो वार्ड से करीब एक किलोमीटर दूर है। इससे बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग हितग्राही सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं। वार्डवासियों ने दुकान समय पर नहीं खुलने, राशन वितरण में गड़बड़ी, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शक्कर बेचने तथा हितग्राहियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मई और जून माह की शक्कर का वितरण अब तक नहीं हुआ है। वहीं शिकायत करने पर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। वार्डवासियों ने राशन दुकान को पुनः दाऊचौरा क्षेत्र में संचालित करने और उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालन किसी अन्य समूह को सौंपने की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने भी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।

