खैरागढ़, 3 जुलाई। न्यायालय परिसर के बाहर पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर पत्रकार संघ में भारी आक्रोश व्याप्त है। संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे पत्रकार संघ के सक्रिय सदस्य एवं पत्रकार नीलेश यादव खबर संकलन के लिए न्यायालय परिसर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान वहां पहले से मौजूद राज वर्मा एवं उसके साथियों ने उन्हें रोककर स्वयं को पत्रकार साबित करने के लिए प्रेस परिचय पत्र (आई-कार्ड) दिखाने की मांग की। जब नीलेश यादव ने इसका कारण पूछा और आई-कार्ड दिखाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि न्यायालय परिसर के बाहर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की गई। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने संबंधित थाने पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य थाने पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। संघ ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस प्रकार का हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, संरक्षक चैतेन्द्र तिवारी, खिलेन्द्र नामदेव, आलोक श्रीवास, श्रेयांश सिंह, दिनेश साहू, प्रदीप बोरकर, प्रशांत सहारे, विमल बोरकर, सोमेश लहरे, प्रवीण नामदेव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Loading...

