खैरागढ़। वार्ड क्रमांक 18 स्थित शिव मंदिर रोड की वर्षों पुरानी जनसमस्या को लेकर स्थानीय नागरिक एक बार फिर मुखर हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी नगर पालिका परिषद पहुंचे और अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर पुल के पास नदी क्षेत्र में पचरीकरण एवं सुरक्षित घाट निर्माण की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि शिव मंदिर रोड स्थित नदी तक पहुंचने के लिए कोई व्यवस्थित एवं सुरक्षित मार्ग उपलब्ध नहीं है। इसके कारण धार्मिक अनुष्ठानों, पर्व-त्योहारों, अंतिम संस्कार और दैनिक जरूरतों के लिए नदी तक जाने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में जलभराव, कीचड़ और फिसलन के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मंजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और क्षेत्र के लोग लंबे समय से नदी में पचरीकरण एवं सुरक्षित घाट निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर अब क्षेत्रवासी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन को इस मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करना चाहिए वार्डवासियों का कहना है कि नदी क्षेत्र में पचरीकरण और घाट निर्माण होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी नागरिकों को राहत मिलेगी तथा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के दौरान होने वाली परेशानियां भी दूर होंगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हरीश पटेल, सचिन पटेल, गवेश पटेल, होरी पटेल, रामजी पटेल, सुरेश पटेल, राजेश यादव, विक्की वर्मा, रंजीत धुर्वे, हेमलाल साहू, दिनेश साहू, दलबीर साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नगर पालिका परिषद से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नदी में पचरीकरण एवं सुरक्षित घाट निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।





