खैरागढ़। खैरागढ़ विकासखंड के ग्रामीण अंचलों के लिए बड़ी सौगात मिली है। धनेली-देवारीभाठ-भरदाकला व्हाया बढ़ईटोला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 17 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। सड़क बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को जर्जर मार्ग से राहत मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है। ग्राम पंचायत देवारीभाठ के सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के माध्यम से सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। इसके बाद विक्रांत सिंह ने शासन और लोक निर्माण विभाग के समक्ष लगातार पत्राचार एवं प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप 17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई।धनेली, देवारीभाठ, भरदाकला, बढ़ईटोला सहित आसपास के कई गांव इस मार्ग से जुड़े हैं। सड़क निर्माण के बाद किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों का आवागमन आसान होगा और बारिश के दौरान कीचड़ व गड्ढों के कारण होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव तथा सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया।
Loading...

