छुईखदान। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 119 पौवा अवैध शराब के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल सहित कुल 61 हजार 740 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 2 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पंडरिया रोड स्थित ग्राम विचारपुर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशांत ढीमर उर्फ बंटी (24), विनायक यादव (20), गुलशन भगत (25) और संजय धुर्वे (19) को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 119 पौवा अवैध शराब (21.42 बल्क लीटर), बिक्री की 500 रुपये नगद राशि तथा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त मशरूका की कुल कीमत 61 हजार 740 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को 3 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
Loading...

